पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को एसएसपी मंजिल सैनी ने जिले के सभी बैंक अधिकारियों व थानाध्यक्षों की बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने बैंक व एटीएम की सुरक्षा के लिए बैंक अधिकारियों को सुरक्षा से संबंधित टिप्स दिए।
उन्हाेंने कहा कि बैंकों की सुरक्षा से संबंधित 13 बिंदु हैं, उनका कड़ाई से पालन किया जाए, जिससे बैंक व उसके आसपास होने वाली लूट की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि बैंकों में सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगवाएं।
मालूम हो कि सिविल लाइन क्षेत्र में सपा मुखिया मुलायम सिंह की कोठी के पास चार फरवरी को एटीएम में धन डालने गए कैश वेंडर को गोली मारकर 45 लाख रुपये लूट लिए गए थे। पुलिस का मानना था कि यदि साथ में सुरक्षा गार्ड होते तो इस प्रकार की वारदात नहीं होती।
इसी संदर्भ में एसएसपी ने जिले के सभी बैंक अधिकारियों व थानाध्यक्षों की बैठक बुलाई थी। बैठक में एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि बैक अधिकारी महत्वपूर्ण लोगों के मोबाइल नंबर अपने पास रखें।
एसएसपी ने बताया कि बैंकों में सीसीटीवी कैमरा लगवाएं और रोजाना चेक करें कि सही तरीके से काम कर रहा है या नहीं।
सीसीटीवी के डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखें । बैंक अधिकारी कौन व्यक्ति आ रहा है कौन जा रहा है इसके लिए दूसरा डीवीआर अपनी मेज पर रखें । इसके अलावा अलार्म का स्विच भी उनके बैठने के स्थान के पास ही होना चाहिए ताकि वह किसी वारदात के समय वहीं बैठकर अलार्म बजा सकते हैं।
सुरक्षा गार्डों का वैरी फिकेशन प्रत्येक छह माह में होना चाहिए। बैंक अधिकारी इस बात की भी जानकारी रखें कि जिस एजेंसी के सुरक्षा गार्ड लगाए गए हैं वह कंपनी रजिस्टर्ड है या नहीं। उन्हाेंने थानाध्यक्षों को भी निर्देश दिए कि वह समय-समय पर बैंक जाकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करें।
बैठक में एएसपी लल्लन सिंह के अलावा सीओ सिटी शिव राज सिंह , सीओ सैंफई अरुण कुमार दीक्षित, सीओ भरथना राघवेंद्र राठौर, सीओ क्राइम पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ जसवंतनगर विनय चौहान के अलावा सभी बैंकों के प्रबंधक मौजूद रहे।