इटावा/बकेवर। बकेवर-चकरनगर के मार्ग के चौड़ीकरण के लिए आठ माह पहले भेजे गए प्रस्ताव को मार्च में स्वीकृति मिलने की ुउम्मीद है। इस सड़क को 40 करोड़ की लागत से सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। काम पूरा होने के बाद राहगीरों को जाम के झंझट से छुटकारा मिलेगा।
बकेवर कस्बा से होकर भरथना और सिंडौस तक जाने वाले वाहनों की संख्या अधिक है। ढकरा पुलिया निर्माणाधीन होने की वजह से वाहन बकेवर-चकरनगर मार्ग से होकर गुजरते हैं। बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होने से लगभग रोजाना जाम लगता है। इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव आठ माह पहले भेजा गया था, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। हालांकि माना जा रहा है कि मार्च में इसे स्वीकृति मिल जाएगी।
लोक निर्माण विभाग खंड-3 के अवर अभियंता राजीव मिश्रा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। सर्वे में इस रोड पर छह हजार छोटे-बड़े वाहन चलने की बात सामने आई थी। आए दिन जाम की समस्या को देखते हुए इस सड़क को डेढ़ मीटर चौड़ा करके सात मीटर करने की योजना है। सड़क के बीच में कोई डिवाइडर नहीं होगा। दोनों तरफ 2.75 - 2.75 मीटर का फुटपाथ भी बनेगा। 40 करोड़ रुपये का बजट मांगा गया है। मार्च में स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।