इटावा। संस्कृत बहुत ही सरल भाषा है। बस इसकी तैयारी के लिए एकाग्रता की जरूरत है। यह कहना है कि जनता इंटर काॅलेज पूठन सकरौली के संस्कृत के शिक्षक अमोल आर्य का। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों से उनका कहना है कि संस्कृत अधिकाधिक अंकदाई विषय है। यदि इस विषय में थोड़े भी एकाग्रता के साथ पढ़ाई की जाए तो इससे परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया जा सकता है।
हाईस्कूल की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी विशेष रूप से व्याकरण भाग पर ध्यान दें। पाठ्यक्रम में निर्धारित शीर्षकों के गद्य-पद्य के सारांशों एवं भावार्थों का अच्छी तरह से अध्ययन करने की जरूरत है। इन्हें रटे नहीं, विषय को समझें। स्वयं अपनी भाषा में लिखने का प्रयास करें। हर दूसरे-तीसरे दिन एक मॉडल प्रश्नपत्र जरूर हल करें। इससे समयबद्धता के साथ विषय की लिखावट और लेखन शैली बेहतर होगी। अच्छी नींद ले और तनाव मुक्त रहते हुए खानपान का विशेष ध्यान रखें तथा दिनचर्या को संयमित रखें। स्वयं पर विश्वास रखें, हताश न हों। परीक्षा परिणाम बेहतर आएगा।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
- बहुविकल्पीय 20 प्रश्नों में से 10 प्रश्न गद्य-पद्य और कथानाटक कौमुदी से और 10 प्रश्न व्याकरण खंड से आते हैं।
- गद्य खंड में बहुविकल्पीय प्रश्नों के लिए पाठों को बिंदुबार तैयार कर सकते हैं।
- पद्य खंड में श्लोकों के तथ्यपूर्ण बिंदुओं को नोट कर सकते हैं।
- कथानाटक कौमुदी में पात्र परिचय को अच्छी तरीके तैयार करना चाहिए ।
- गद्यांश का हिंदी अनुवाद करने के लिए पाठों के अर्थ को सीखना चाहिए।
महत्वपूर्ण प्रश्न
- बहुविकल्पीय प्रश्नों की तैयारी के लिए माहेश्वर सूत्र, उच्चारण स्थान, संधि, समास, शब्द रूपों और धातु रूपों को ठीक ढंग से याद करना चाहिए ।
- प्रसिद्ध श्लोकों की व्याख्या संस्कृत और हिंदी में तैयार करनी है।
- पात्रों का चरित्र चित्रण याद कर लें।
- कारक, प्रत्यय, वाच्यपरिवर्तन और अनुवादों का अभ्यास करना चाहिए।
- परोपकार, सत्संगति, विद्या आदि शीर्षक पर निबंध तैयार करना चाहिए।
- उत्तर देते समय हलंत और विसर्ग का विशेष ध्यान रखना है।
विद्यार्थी कॉलम
बोर्ड परीक्षा की तैयारी के दौरान यदि आपको पाठ्यक्रम के किसी विषय या मनोवैज्ञानिक दृष्टि से कोई भी परेशानी आती है तो इस समस्या को हमारे मोबाइल नंबर 9528031737 पर व्हाट्सएप के माध्यम से बता सकते हैं। इसका समाधान हम विषय विशेषज्ञों और मनोचिकित्सकों के माध्यम से करवाने का प्रयास करेंगे। आपकी पहचान गोपनीय रहेगी।