इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के बरेली हाईवे बाईपास स्थित कल्ला बाग तिराह के समीप ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ऑटो इटावा से किशनी की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। ऑटो में पंछीलाल निवासी किशनी जनपद मैनपुरी, विशाखा देवी पत्नी जसविंदर सिंह निवासी किशनी व अभय कुमार पुत्र शिवेंद्र सिंह निवासी भरथना रोड इटावा सवार थे। कल्ला बाग तिराह के पास सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। कार में सवार ज्योति पत्नी धर्मवीर और सोनाक्षी निवासी भदीयापुरा थाना चौबिया इटावा घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाकर थाने पहुंचा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।