थाना क्षेत्र के अंतर्गत निबाड़ीकला गांव में स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक के रविवार की रात चोरों ने ताले तोड़ दिए। चोरों ने बैंक में रखी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। बाद में चोर बैंक परिसर में लगी इनवर्टर की एक बैटरी चोरी कर ले गए।
क्षेत्र के गांव निबाड़ीकला में पूर्वांचल बैंक की शाखा है। रविवार की रात को चोरों ने बैंक के चैनल के ताले काटकर बैंक में प्रवेश किया। बाद में चोरों ने कमरों के ताले तोड़े। चोरों ने एक कमरे के अंदर रखी बैंक की तिजोरी जो दीवार में फिट थी उसका लॉक तोड़ने का प्रयास किया।
ताले तोड़ने में नाकाम रहने पर चोरों ने तिजोरी के ऊपरी हिस्से को काटने का भी प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। तिजोरी के न टूटने से चोर उसमें रखी नकदी नहीं ले जा सके। बाद में चोर बैंक में लगे इनवर्टर की बैट्री चोरी कर ले गए। चोरों ने बैंक के कुछ कागजात भी फाड़ डाले।
घटना की जानकारी सोमवार की सुबह उस समय हुई जब सफाई कर्मी सफाई करने के लिए वहां पहुंचा। बैंक के ताले टूटे देखकर उसने शाखा प्रबंधक को इसकी सूचना दी। ताला टूटे होने की खबर से शाखा प्रबंधक सहित बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
आनन फानन शाखा प्रबंधक किशनचंद्र त्रिपाठी बैंक पहुंचे और तिजोरी को सही सलामत देखकर राहत की सांस ली। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर एसओ बकेवर जेपी पाल, चौकी इंचार्ज अहेरीपुर रजनीश यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बैंक कर्मचारियों ने पुलिस के सामने तिजोरी खोलकर उसमें रखी रकम चेक की तो वह पूरी निकली। बाद में सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह तोमर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फौरेंसिक टीम के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर सबूत एकत्रित किए। घटना की तहरीर शाखा प्रबंधक की ओर से दी गई है।