इटावा। सपा मुखिया मुलायम सिंह की कोठी के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीम में कैश डालने पहुंचे कैश वेंडर को बाइक सवार लुटेरों ने गोली मार दी। वेंडर के घायल होते ही 45 लाख रुपये से भरा बैग लेकर भाग निकले। वेंडर को मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कराई गई, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं मिला।
सिविल लाइन स्थित सपा मुखिया मुलायम सिंह की कोठी के पास ही बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम है। बैंक के एटीएम में पैसा डालने के लिए मुंबई की एफआईएस कंपनी अधिकृत है गुरुवार दोपहर बाद करीब 3.45 बजे कंपनी के वेंडर विजय नगर निवासी मनोज (26) पुत्र सोवरन सिंह चालक सरायशेख निवासी शुभम पुत्र कैलाश के साथ स्विफ्ट डिजाइर कार से पहुंचा। मनोज कार से उतर कर एटीएम का गेट खोलने को हुआ तभी काली पल्सर से हेलमेट लगाकर आए दो लुटेरों ने गोली मार दी। सीने में गोली लगते ही वह वहीं गिर कर तड़पने लगा।
एक लुटेरा बाइक से उतरा और रुपयों भरा बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों मैनपुरी चुंगी होते हुए अंडरब्रिज के जरिए आईटीआई की ओर भाग निकले। चालक शुभम व एटीएम का गार्ड शाहग्रान निवासी विवेक पुत्र महेशचंद्र ने शोर मचाया। लोग इकट्ठा हुए और घायल मनोज को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसएसपी मंजिल सैनी पुलिस अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद की नाकेबंदी कराई गई, लेकिन देर शाम तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला।