इटावा। डीएम चौराहे से मैनपुरी अंडरपास तक दो करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अटल पथ जल्द शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाएगा। मार्च से शहरवासी इसका लुफ्त ले सकेंगे। अभी पथ पर बेंच लगाने और दीवारों पर बनीं अटल जी की कलाकृतियों में लाइटिंग का काम शेष है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर इस पथ को बनवाने का निर्णय लिया गया था। यहां पर एक तरफ पत्थरों की कटिंग करके अटल जी से जुड़ी स्मृतियों को चित्र के रूप में उकेरा गया है। लगभग 400 मीटर लंबे इस पथ को रोशन करने के लिए बड़ी-बड़ी टेबल लैंप लगवाई गई हैं, जो विकास भवन कार्यालय तक लगी हैं। साथ ही पथ पर टहलने वालों को सुखद अनुभव हो इसके लिए फुलवारी और बैठने के लिए बेंचों की भी व्यवस्था कराई जा रही है।
दीवार पर तस्वीरें उकेरने का काम मुंबई की कंपनी को दिया गया है। वहीं, आकृतियों पर लाइटिंग लगाने और बेंचें लगाने का काम अभी चल रहा है। पीडब्ल्यूडी के एक्सीएन संजीव कुमार ने बताया कि मार्च तक काम पूरा करके इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा।