ऊसराहार थानाक्षेत्र में मंगलवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर व्यापारी से बाइक और नकदी लूट ली। बदमाशों के गोली मारने की धमकी देने पर व्यापारी ने खेत में भागकर जान बचाई।
बीती शाम ऊसराहार निवासी इलेक्ट्रानिक व्यापारी रामकुमार शाक्य उमरैन से घर आ रहे थे। किशनी बिधूना मार्ग पर झूंसी के पीपल के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन लुटेरों ने टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। लुटेरों ने तमंचे की बट से हमला किया। इसके बाद लुटेरों ने उनकी बाइक और साढ़े तीन हजार रुपये लूट लिए।
रामकुमार विरोध करने लगे तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों के तमंचा तानते ही रामकुमार जान बचाते हुए खेत की ओर भाग गया। किसी तरह उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश सिंह मौके पर पहुंचे। मगर लुटेरों का कोई पता नहीं चला। थानाध्यक्ष जेपी यादव छुट्टी पर हैं।
थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।