उत्तर प्रदेश हाकी के तत्वावधान में मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को पांचवीं सीनियर राष्ट्रीय महिला हाकी चैंपियनशिप में हुए मुकाबलों में असम और केरल की करारी हार हुई। असम को जहां झारखंड ने 10-1 से रौंदा वहीं पंजाब ने केरल को 10-2 से हराया। कर्नाटक और यूपी एक-एक गोल से बराबर पर रहीं।
पहले मैच में झारखंड की टीम ने असम को 10-1 से मात दी। झारखंड की ओर से बसंती, अनिमा व बिरसी ने दो-दो गोल तथा इटवारी, पूनम, शबनम व निशा रानी ने एक-एक गोल किया। असम हाकी की ओर से मात्र एक गोल मौल्ली यादव ने किया।
दूसरा मैच में कर्नाटक व उत्तर प्रदेश के बीच 1-1 की बराबरी पर रहा। कर्नाटक की ओर से रंजिथा तथा उत्तर प्रदेश की ओर से रीना देवी ने एक-एक गोल किया। तीसरे मैच में पंजाब ने केरल को 10-2 से हराया। पंजाब की गुरजीत कौर ने चार गोल, नभप्रीत कौर ने दो गोल तथा रमनदीप, मीनाक्षी, सुखजीत कौर व पूजा रानी ने एक-एक गोल किया।
केरल की विसमाला व अंजलि अब्राहम ने एक-एक गोल दागे। चौथे मैच में दि मुंबई हाकी एसोसिएशन की टीम ने हाकी भोपाल को 6-2 से हराया। मुख्य अतिथि अवैतनिक सचिव उत्तर प्रदेश हाकी व निदेशक, खेल डॉ. आर .पी. सिंह, परफार्मेंस डायरेक्टर हाकी इंडिया अल्टोमस एवं पूर्व ओंलपियन एवं भारतीय हाकी टीम के चयनकर्ता हरविंदर सिंह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लईक खान, दविंदर भाटिया, के पी सिंह, एस के लहरी, नवीन कुमार सिंह डा. मंजूर आलम अंसारी आदि मौजूद रहे। निर्णायक के रूप में दीपा, तारिक, विरेंद्र सिंह, अर्चना, करतार सिंह व नेपोलियन आदि की अहम भूमिका रही। गौरतलब है कि फाइनल मुकाबला 03 मई को अपराह्न 3:30 बजे से होगा। समापन पर पुरस्कार वितरण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करेंगे।