शार्ट सर्किट से लगी आग से जली दुकानें
- फोटो : अमर उजाला
सैफई थाने के सामने लकड़ी के खोखे (दुकान) में बुधवार को तड़के आग लग गई। शार्ट सर्किट से लगी इस आग की चपेट में आकर एक-एक कर सात दुकानें राख हो गईं। एक दुकान के अंदर सो रहे चाट विक्रेता की मौत हो गई। इस अग्निकांड में दुकानदारों का कई लाख का नुकसान हुआ है। बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त जताते हुए आसपास के लोगों ने इटावा-मैनपुरी मार्ग पर सुबह सात बजे जाम लगा दिया।
सीओ और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया बुझाया, तब करीब आधा घंटे बाद जाम खत्म हो सका। उधर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मरने वाले चाट विक्रेता के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के अलावा अन्य पीड़ितों की मदद की घोषणा की है। सैफई प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को तड़के थाने के सामने लकड़ी के खोखे (दुकान) में आग लग गई। देखते ही देखते वहां रखी सात दुकानें आग की लपटों की चपेट में आ गईं और धू-धू कर जलने लगीं।
सैफई के पुलिस उपाधीक्षक अरुण दीक्षित की सूचना पर फायर ब्रिगेड के उपाधीक्षक शिवदयाल शर्मा दमकलों के साथ मौके पर पहुंचे और आग को काबू में किया। इसी बीच दुकानों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से फिर से आग लग गई। एक-एक कर तीन सिलेंडरों के विस्फोट से आग भड़क उठी। सैफई के पुलिस उपाधीक्षक अरुण दीक्षित ने बताया चाट विक्रेता वीरेंद्र सिंह निवासी नगला झाल थाना कुर्रा मैनपुरी रात में अपने खोखे में ही सो रहा था।
आग लगने के कारण उसकी मौत हो गई है। उधर, अफसरों ने तड़के हुए इस हादसे के बारे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए चाट विक्रेता वीरेंद्र सिंह के परिजनों को पांच लाख की सहायता और अन्य पीड़ित दुकानदारों आर्थिक सहायता देने के निर्देश अफसरों को दिए हैं ।