इटावा। नए साल का आगाज शहरवासियों ने धूमधाम से किया। रेस्टोरेंट, रिसोर्ट और होटलों में देर शाम से शुरू हुआ जश्न देर रात तक चला। 12 बजते ही हैप्पी न्यू ईयर गूंजने लगा। सभी ने एक दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दीं।
शहर के बलराम सिंह चौराहे स्थित रेस्टोरेंटों, प्रकाश टाकीज रोड पर स्थित होटलों और रिसोर्टो में देर शाम से आर्केस्ट्रा और डीजे पर युवाओं ने धूमधड़ाका शुरू कर दिया। परिवारों के साथ लोगों ने इन जगहों पर पहुंचकर मस्ती की। करीब तीन से चार घंटे मस्ती के बाद 12 बजते ही हैप्पी न्यू ईयर गूंजने लगा। होटल, रेस्टोरेंटों के साथ ही घरों पर भी लोगों ने केक काटकर परिवार को नए साल की शुभकामनाएं दीं। वहीं, नए साल के स्वागत को लेकर कालीवाहन, प्राचीन शिव मंदिर समेत सभी मंदिरों में सजावट की गई थी। सोमवार को भी नए साल पर तमाम जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, मंदिरों पर साल के पहले दिन दर्शन करने के लिए सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ेगी।