जिला अस्पताल का निरीक्षण करती टीम
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को लखनऊ से उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य तंत्र शुद्धिकरण विभाग की टीम जनपद पहुंची और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने देखा कि मरीजों को क्या सुविधाएं दी जा रहीं हैं। अस्पताल एनएबीएच के मानकों के कितने करीब है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के डाक्टर एके चौधरी, डा. सुनील गुप्ता, डा. सुनील वर्मा व डा मो. इरसाद अहमद ने सोमवार दोपहर जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था देखी। टीम ने इमरजेंसी, वार्ड, आपरेशन थियेटर, एक्सरे रू म, पैथालॉजी, लैब में पहुंचकर चिकित्सकों से व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद टीम ने ब्लड बैंक, मेडिसिन कक्ष, दवाई वितरण कक्ष को भी देखा। टीम अपनी रिपोर्ट लखनऊ पहुंचकर एनएबीएच को देगी। वहीं अस्पताल में सोमवार से विशिष्ट जांचों की संख्या भी बढ़ाकर 150 से 175 कर दी गई। दूसरी ओर जिला अस्पताल में चल रही रैबीज के इंजेक्शनों की कमी भी दूर कर दी गई। मालूम हो कि जिला अस्पताल को कुछ माह पूर्व ही कायाकल्प योजना में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इसके बाद अब जिला अस्पताल एनएबीएच के मानक में आने की दौड़ में शामिल हो गया है।