चौबिया थाने में तैनात रहे दो पूर्व थानाध्यक्षों ने आपराधिक इतिहास वाले
एक व्यक्ति के शस्त्र लाइसेंस की संस्तुति की थी। मामला प्रकाश में आने के
बाद वर्तमान थानाध्यक्ष ने दोनों थानाध्यक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की
है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
क्षेत्र के गांव मोहनपुरा
निवासी इंद्रपाल सिंह पुत्र राजनाथ यादव का आपराधिक इतिहास है। इसके बावजूद
उनके द्वारा शस्त्र लाइसेंस के आवेदन पर चौबिया थाना पुलिस ने संस्तुति कर
दी। जब इस मामले की जांच की गई तो उसमें तत्कालीन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार
वर्मा व मोहित यादव का नाम प्रकाश में आया।
उक्त दोनों
थानाध्यक्षों ने उसके शस्त्र लाइसेंस के लिए संस्तुति कर दी। इस मामले में
सीओ सैफई के निर्देश पर एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने मुकेश वर्मा व मोहित यादव
के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित ने बताया कि
मुकेश वर्मा ने तथ्यों को छुपाकर शस्त्र लाइसेंस पर रिपोर्ट लगाई बाद में
जब आख्या मांगी गई तो एसओ मोहित यादव ने भी गलत आख्या प्रस्तुत की इस कारण
से दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।