इटावा। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत शनिवार को सैफई और बसरेहर ब्लाक के जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। रिटर्निंग आफीसर एडीएम ईश्वरचंद्र के समक्ष अंतिम दिन 15 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। सपा समर्थित प्रत्याशियों में अंशुल यादव समेत पांच लोगों ने पर्चा दाखिल किया। दो दिवसीय नामांकन में इन दोनों ब्लाकों से इस पद के लिए कुल 30 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किए हैं।
सैफई और बसरेहर ब्लाक से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पहले दिन गत एक अक्तूबर को 15 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। दो अक्तूबर के अवकाश के बाद शनिवार को भी 15 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सैफई प्रथम ओबीसी सीट से सपा के अरविंद यादव और बसपा के बृजेंद्र सिंह समेत तीन प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। जबकि सैफई द्वितीय ओबीसी सीट से सपा के अंशुल यादव समेत दो लोगों ने पर्चा दाखिल किया। अंशुल यादव ने दो सेटों में पर्चा भरा।
बसरेहर प्रथम अनारक्षित सीट से पांच नामांकन हुए जिनमें सपा समर्थित दिलीप कुमार उर्फ बबलू यादव और बसपा के विजय कुमार शामिल हैं। बसरेहर द्वितीय अनारक्षित सीट से सपा के राजेश कुमार समेत दो प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। हालांकि इसी सीट से शनिवार को नामांकन करने वाले दो प्रत्याशी ऐसे भी रहे, जो पहली अक्तूबर को नामांकन पत्र का एक सेट दाखिल कर चुके थे। बसरेहर तृतीय एससी महिला सीट से सपा की शांती देवी पत्नी रामफल बाल्मीकि और बीएसपी की स्वीटी पत्नी अश्वनी कुमार समेत कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस तरह दो दिवसीय नामांकन में सैफई प्रथम से कुल 5, द्वितीय सीट से 4, बसरेहर प्रथम व द्वितीय सीट से 8-8 और तृतीय सीट से 5 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है।
अंशुल का ढोल नगाड़े से हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री के चचेरे भाई अंशुल यादव ने पूरे जोश के साथ पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पूर्व लोगों का हुजूम उनके साथ रहा लेकिन इस भीड़ को नामांकन स्थल के बाहर ही रोक लिया गया। अंशुल यादव नामांकन कक्ष में दोपहर करीब 12.45 बजे पहुंचे। उनके साथ सैफई प्रथम सीट के प्रत्याशी अरविंद यादव व दिलीप यादव समेत उनके प्रस्तावक और सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव, गोपाल यादव, मुकेश यादव आदि मौजूद रहे। ननामांकन के बाद अंशुल यादव जब बाहर आए तो कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद समर्थकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। ढोल नगाड़े बजाए।