लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम ने स्वास्थ्य केंद्र के टेक्नीशियन पर अभद्रता करने व डिलीवरी के मामलों में रुपये मांगने का आरोप लगाया।
साथ ही न देने पर लखना से ट्रांसफर करवा देने की धमकी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करा देने की धमकी देने का आरोप लगाया। एएनएम ने इस संबंध में डीएम, सीएमओ को प्रार्थना दिया है।
लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम प्रीति पाल ने जिलाधिकारी, सीएमओ व लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात लैब टेक्नीशियन मनीष कुमार शर्मा उनसे आए दिन अभद्र व्यवहार करते है।
प्रति डिलीवरी मामले पर रुपये की मांग करते है। न देने पर स्थानांतरण करा देने की धमकी देते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर झूठी शिकायत करा देने की भी धमकी देता है। इस संबंध में टैक्नीशियन मनीष कुमार ने बताया कि एएनएम से ऐसा कुछ नही कहा। आरोप गलत लगाए जा रहे हैं।
इस संबंध में लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि एएनएम का प्रार्थना पत्र मिला है। अभी उनकी कोरोना में जसवंतनगर में ड्यूटी लगी है। एक दो दिन में ड्यूटी समाप्त होने पर मामले की जांच करूंगा।