इटावा। कोहरा भले ही खत्म हो गया हो लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। बुधवार को भी हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर छह से अधिक ट्रेनें लेट रहीं। इसमें सबसे अधिक दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस 12 घंटे देर से आई। ट्रेनों के समय से न आने के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा। उनकी भीड़ पूछताछ खिड़की पर लगी रही। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गाड़ियों के समय का शेड्यूल सही हो जाएगा।
बुधवार को वैशाली एक्सप्रेस दो घंटे देरी से इटावा जंक्शन पर आई। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी हुई। बुधवार को संगम एक्सप्रेस 50 मिनट, कोटा-पटना एक घंटा पांच मिनट, अवध एक्सप्रेस एक घंटा 38 मिनट, मरुधर एक्सप्रेस एक घंटा 27 मिनट आदि ट्रेनें लेट रहीं।
दूसरी ओर, उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल को इटावा जंक्शन का निरीक्षण करने की सूचना मिली थी। इसके चलते मंगलवार व बुधवार को तैयारियां चलती रहीं। बाद में उनका दौरा किसी कारणवश निरस्त हो गया। इसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। रेलवे के अधिकारियों ने बताया उनका दौरा जल्द ही दोबारा फिर से लगेगा।