ग्वालियर-बरेली हाईवे पर दो किलोमीटर में फैले बसरेहर के बाजार में अतिक्रमण के चलते शुक्रवार को करीब तीन घंटे जाम लगा रहा।
इसमें मरीज को लेने जा रही एक एंबुलेंस फंस गई। जैसे-तैसे 45 मिनट बाद चालक ने एंबुलेंस निकालकर मरीज को जिला अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।
जाम में फंसी एंबुलेंस के चालक ललित ने बताया कि बसरेहर स्वास्थ्य केंद्र से नवजात शिशु और उसकी मां बबली पत्नी सुमित को चौबिया क्षेत्र के गांव बिठौली छोड़कर कर लौट रहा था। तभी बसरेहर अस्पताल में भर्ती गर्भवती नीलम पत्नी गुरुदीप निवासी कृपालपुर की हालत गंभीर होने पर तत्काल जिला अस्पताल लेकर जाने की सूचना आई।
वह नीलम को लेकर जिला अस्पताल जा रहा था, लेकिन एंबुलेंस जाम में फंस गई। मरीज की हालत बिगड़ती जा रही है। करीब 45 मिनट बाद एंबुलेंस को जैसे-तैसे निकालकर अस्पताल पहुंचकर मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया दिया गया।
बता दें कि कस्बा बसरेहर के बाजार में तकरीबन दो हजार दुकाने हैं जो करीब 2 किलोमीटर के क्षेत्र में हाईवे के दोनों तरफ हैं। कई दुकानदार नाली के साथ-साथ फुटपाथ पर भी दुकान का सामान सजा लेते हैं।
इस वजह से बड़े वाहन आमने-सामने आते ही यहां जाम की स्थिति अक्सर पैदा हो जाती है। शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे फर्रुखाबाद की ओर जा रहे एक ट्रक यहां पहुंचा तो सामने से दूसरे ट्रक आ गया।
इससे जाम लगना शुरू हो गया। कार और बाइक वालों के जल्दी में निकलने के चलते स्थिति और भी खराब हो गई। इस वजह से करीब तीन घंटे तक कस्बा में जाम की स्थिति बनी रही।