लोकधारा कार्यक्रम में मुंबई के कलाकारों ने मलखंभ की
ऐसी प्रस्तुति दी कि स्टेडियम में बैठे दर्शक दांतों तले अंगुली दबाने को
मजबूर हो गए। लकड़ी के खंभे पर नन्हें कलाकारों ने चुस्ती व फुर्ती के साथ
मलखंभ की प्रस्तुति दी तो वहीं रस्सी पर भी कलाकारों ने करतब दिखाए।
कार्यक्रम में मौजूद सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने नन्हें कलाकारों से मिलकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
मलखंभ में बालिकाओं ने रस्सी पर लटककर चुस्ती फुर्ती का परिचय देते हुए कई ऐसी मुद्रा बनाईं जो अपने आप में चौंकाने वाली थीं।
रस्सी पर ही लेटना, रस्सी पर आसन लगाकर बैठना, एक के ऊपर एक रस्सी पर ही लेटना और खडे़ होने की मुद्रा पर जमकर तालियां बजीं। कलाकारों ने लकड़ी के खंभे पर करतब दिखाए और फुर्ती के साथ चौंकाने वाली कला का प्रदर्शन किया। तलवार लेकर खंभे पर प्रदर्शन करना और विभिन्न मुद्राओं में संतुलन बनाना सराहा गया।