ताखा। राजकीय कृषि बीज भंडार सरसईनावर पर गेहूं का बीज निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने का आरोप लगा है। किसानों का कहना है कि केंद्र प्रभारी की अनुपस्थिति में कंप्यूटर ऑपरेटर प्रति बोरी 150 से 250 रुपये तक अधिक वसूल रहा था। वहीं, पहले से बुकिंग कराने वाले किसानों को बीज दिए बिना लौटाया जा रहा था। विरोध और वीडियो बनाने पर ऑपरेटर केंद्र पर ताला लगाकर चला गया।
किसान सुखवीर सिंह, नेकराम और अरविंद ने बताया कि उन्होंने पहले ही बीज की बुकिंग करा रखी थी, लेकिन उन्हें बीज नहीं दिया जा रहा था। आरोप है कि अधिक रुपये देने को तैयार किसानों को बीज उपलब्ध कराया जा रहा था। दौलतपुर निवासी सरदार सिंह ने बताया कि उन्होंने पांच बोरी बीज खरीदा और प्रति बोरी 1100 रुपये देने पड़े।
जितेंद्र ने भी तीन बोरियों के लिए प्रति बोरी 1100 रुपये लेने की शिकायत की। किसानों के विरोध के बाद समथर के सहायक तकनीकी प्रबंधक हर्षित शुक्ला मौके पर पहुंचे और केंद्र खुलवाया। उन्होंने बताया कि बुकिंग कराने वाले किसानों को बीज वितरित किया जा रहा है। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर दीपेंद्र शाक्य ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें फंसाने के लिए शिकायत की गई है। जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाने के लिए एडीओ कृषि को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।