उत्तर प्रदेश ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (रिम्स) में अब मरीजों को आधा घंटे में ब्लड की सभी जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके लिए संस्थान के पैथोलॉजी विभाग के अंतर्गत संचालित हीमेटोलाजी विभाग के आटोमेटिक हीमेटोलाजी एनालाइजर मशीन का उद्घाटन सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि संस्थान दिन-ब-दिन तरक्की कर रहा है। यहां वह सभी जांचें उपलब्ध होंगी, जो किसी भी मेट्रो सिटी के बड़े अस्पतालों में हैं। संस्थान के निदेशक डॉ. (ब्रिगे.) टी प्रभाकर ने कहा कि इस आटोमेटिक हीमेटोलाजी एनालाइजर मशीन से एक समय में 60 मरीजों के ब्लड से संबंधित सभी जांचें 30 मिनट में प्राप्त हो सकेंगी।
इस मशीन के लगने से अधिकांश मरीजों के ब्लड जांच की रिपोर्ट उसी दिन मिल जाएगी। समय से ब्लड जांच रिपोर्ट प्राप्त होने से इलाज जल्दी शुरू हो जाएगा। पैथोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पिंकी पांडेय ने बताया कि इस मशीन से डेंगू मरीजों की भी पहचान हो सकेगी, जिससे उनका इलाज समय से शुरू हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि मशीन से ब्लड जांच के बाद ब्लड कैंसर से संबंधित ब्लास्ट सेल, एटिपकल लिम्फोसाइट आदि के बारे में भी जानकारी मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त मशीन से कुछ जरूरी जांचें जिसमें डब्लूबीसी, आरबीसी, एचजीबी, एचसीटी, पीडीडब्लू, एमपीबी, पी-एलसीआर, पीसीटी, एनआरवीसी, आईजी, आरईटी, आईआरएफ , एलएफ आर, एमएफ आर, एचएफ आर, आरइटी-एचई आदि की भी जांच कम समय में की जा सकेगी।
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. (ब्रिगे.) एसके गुप्ता, न्यूरोलाजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रमाकांत यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव, राज्यमंत्री केपी सिंह चौहान, चेयरमैन करहल गुड्डू यादव, अध्यक्ष प्रधान संघ चंदगीराम यादव तथा पैथोलॉजी एवं ब्लड बैंक विभाग के डॉ. रुति सिंह, डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. रुकइया अफरोज, डॉ. रणवंत सिंह, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. श्वेता चौधरी आदि मौजूद रहीं।