फोटो 40:: कटरा शमशेर खां में बिरयानी बांटते जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी। संवाद
इटावा। रामपुर में सपा नेता आजम खान की हैदराबादी बिरयानी को लेकर की गई टिप्पणी का जवाब में एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने अपने अंदाज में दिया। रविवार को कटरा शमशेर खां स्थित मदरसे में हैदराबादी बिरयानी बनवाकर करीब 500 लोगों को बांटी। इस दौरान उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए उसे भाजपा की बी पार्टी बताया। कहा कि सपा परिवार के ही कई लोग भाजपा में शामिल हैं।
शमशाद हुसैन वारसी ने कहा कि आजम खान की टिप्पणी के बाद लोगों को हैदराबादी बिरयानी खिलाई गई और लोगों को यह बिरयानी ज्यादा पसंद आई। दरअसल, रामपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आजम खान ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, बल्कि लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजनीति खाने की पसंद पर नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों, सामाजिक न्याय और संविधान पर होनी चाहिए। राजनीति का मकसद लोगों के दुख-दर्द में साथ खड़ा होना और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ना है।