आगरा लखनऊ इंटरसिटी का स्टापेज मिलने से भरथना की जनता को नए साल की सौगात मिली। रविवार को पहले दिन केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने भरथना में इंटरसिटी के ठहराव के बाद लखनऊ के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके बाद स्टेशन परिसर के बाहर एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब भरथना के व्यापारी छात्र-छात्राओं को कानपुर, इटावा आने-जाने में कम समय लगेगा। भरथना से उनका लगाव शुरू से रहा है। एक समय था जब वह अपने गांव से पैदल चलकर भरथना में रामलीला देखने आया करते थे।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे बृजमोहन मिश्रा ने नगरवासियों की तरफ से इटावा से आगरा जाने वाली पैसेंजर को फफूंद तक बढ़ाए जाने तथा रात में ऊंचाहार एक्सप्रेस के बाद दिल्ली की ओर कोई अन्य ट्रेन न होने पर दो ट्रेेनों को स्टापेज देने की मांग की। इस पर डा. कठेरिया ने कहा कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
जनसभा में पूर्व विधायक अशोक दुबे, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, सावित्री कठेरिया, नगर भाजपा अध्यक्ष हरिओम दुबे ने भी अपनेे-अपने विचार रखे।