लवेदी। थाना लवेदी के नगला जवाहर में शुक्रवार शाम इंटर की छात्रा ने घर में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पूछताछ में पिता ने बोर्ड परीक्षा में कम नंबर आने से बेटी के परेशान होने की बात कही। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना लवेदी के नगला जवाहर निवासी भोगीराम ने बताया कि पुत्री तनु (18) ने इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। 23 अप्रैल को आए परीक्षा परिणाम में उसके नंबर कम आए थे। इससे वह परेशान रहने लगी। परिजनों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह गुमसुम रहने लगी। पिता ने बताया शुक्रवार शाम को तनु ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे सीएचसी में में भर्ती में कराया। यहां से उसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।