इटावा। आबादी वाले क्षेत्र में बिना अनुमति सिलिंडर गोदाम बनाने की शिकायत पर शुक्रवार शाम प्रशासन और पूर्ति विभाग की ओर से छापेमारी की गई। इस दौरान संचालक बस्ती में कोई भी गोदाम बनाने का प्रपत्र नहीं दिखा सके। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया गया।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत मिली कि शहर के तखिया चौराहे के पास एक घर में अवैध रूप से गैस गोदाम बनाकर बड़ी संख्या में सिलिंडर रखे जा रहे हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अधिकारियों के निर्देश पर नायब तहसीलदार प्रीति सिंह, पूर्ति विभाग की टीम और थाना पुलिस के साथ पहुंच गईं। मौके पर एक घर से 55 सिलिंडर मिले हैं।
संचालक से पूछताछ करने पर पता चला कि इकदिल क्षेत्र में उक्त व्यक्ति की एचपी कंपनी की एजेंसी है। इनकी ओर से आबादी वाले क्षेत्र में गोदाम बनाने के बारे में जानकारी की गई तो वह कोई प्रपत्र नहीं दिखा सके। इस पर नायब तहसीलदार ने गोदाम को सील कर दिया।
साथ ही पूर्ति विभाग की टीम को आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसीलदार जय प्रकाश ने बताया कि सूचना पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम को भेजा गया था। इकदिल स्थित एक गैस एजेंसी का बिना अनुमति के आबादी वाले क्षेत्र में गोदाम मिला है। इस पर उसे सील करा दिया गया था। पूर्ति विभाग की टीम को आगे की कार्रवाई करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।