इटावा। करीब छह महीने पहले जिला जेल की दीवार फांदकर फरार हुए बंदी के घर पर रविवार को पुलिस ने कुर्की नोटिस आदेश चस्पा कर दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने घंटा बजवाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि गत 7 जून की रात को जिला जेल से दो बंदी दीवार फांद कर भागे थे। उनमें से एक की भागते समय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। जबकि, दूसरा बंदी इकदिल थाना क्षेत्र के महानेपुर गांव निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू पुत्र रामभरोसे अभी भी फरार है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में धारा 223 व 224 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बंदी के खिलाफ न्यायालय से 82 सीआरपीसी का वारंट प्राप्त करके रविवार को महानेपुर गांव स्थित उसके मकान समेत आंगनबाड़ी केंद्र और प्राइमरी स्कूल की दीवार पर कुर्की नोटिस आदेश चस्पा किया गया है। गांव भर में घूम कर डुगडुगी (घंटा) पिटवाई गई। ग्रामीणों को बताया गया कि राज्य सरकार की ओर से चंद्रप्रकाश पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। उन्होंने कहा कि कुर्की नोटिस चस्पा होने के 30 दिन के अंदर यदि चंद्रप्रकाश न्यायालय या पुलिस के समक्ष हाजिर नहीं होता है तो उसकी चल अचल संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।