इटावा। सड़कों और खेतों में घूम रहे छुट्टा गोवंशों को पकड़वाकर गोशालाओं में बंद कराएं। ये जिम्मेदारी सभी एसडीएम और बीडीओ की है। ताखा तहसील के एसडीएम और बीडीओ कार्रवाई अमल में लाएं। ये निर्देश कानपुर मंडल के आयुक्त सुधीर एम बोबड़े ने संपूर्ण समाधान दिवस में दिए।
मंगलवार को मंडलायुक्त तीन घंटे देरी से दोपहर करीब डेढ़ बजे संपूर्ण समधान दिवस में पहुंचे थे। उनके देरी के आने के कारण कई फरियादी लौट चुके थे। समाधान दिवस में आए मैनपुरी जिले के उदयपुर निवासी महेंद्र सिंह ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनकी जमीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे में आ रही थी। एक सपा नेता ने लेखपाल से मिलकर जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया। चार महीने पहले शिकायत की थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मंडलायुक्त ने तहसीलदार को एक सप्ताह में मामले का निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में 68 फरियादी पहुंचे इसमें केवल तीन की शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस और जनता दरबार में आने वाली महिलाओं की शिकायतों का गंभीरता से लें और त्वरित निस्तारण करें। समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने गरीबों को कंबल बांटे और निर्माणाधीन सीएचसी, ताखा में निर्माणाधीन आईटीआई भवन का निरीक्षण कर कार्य तीन माह में पूरा करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में जिलाधिकारी जेबी सिंह, सीडीओ राजा गणपति आर, एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।