सड़कों से सामान जब्त कर ले जाते नगर पालिका के वाहन
- फोटो : ETAWHA
इटावा। भरथना के मोतीगंज की प्रमुख सड़कों पर सोमवार को पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया। दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना वसूले की चेतावनी दी गई।
कस्बे के मोहल्ला मोतीगंज में एसडीएम इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। ईओ राम आसरे कमल व कोतवाल एमपी सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
इस अभियान के तहत नगर पालिका प्रशासन ने सड़क किनारे अतिक्रमण किए दुकानदारों के टिनशेड, मौरंग, गिट्टी आदि सामान जब्त कर लिए। रेलवे फाटक के समीप एकत्र होने वाले टेंपो चालकों को भी इस स्थान से हटाया गया। अभियान के दौरान जेसीबी व ट्रैक्टर आदि देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच रहा।
एसडीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मोहल्ला मोतीगंज स्थित रेलवे क्रासिंग से पाली बंबा तक अभियान चलाया गया है। रेलवे फाटक के पास टेंपो खड़े करने वाले चालकों को भी हटाया गया। उन्हें चेतावनी दी गई कि दोबारा यहां टेंपो खड़ा किया तो जुर्माना वसूला जाएगा। इस दौरान रामजी भदौरिया, अरविंद रावत आदि मौजूद रहे।