इटावा। उप संभागीय परिवहन विभाग ने शनिवार देर शाम टूरिस्ट बसों की जांच के लिए अभियान चलाया। टूरिस्ट बसों के संचालकों ने अपनी बसों को दूसरे शहरों के लिए शनिवार को भेजा ही नहीं। शास्त्री चौराहा पर एक टूरिस्ट बस का डग्गामारी में चालान किया गया।
कन्नौज में हुई दुर्घटना के बाद उप संभागीय परिवहन अधिकारी ने शनिवार को देर शाम से टूरिस्ट बसों की जांच शुरू की। टूरिस्ट बसों के संचालक कन्नौज की घटना होने के बाद सतर्क हो गए हैं। फिलहाल दिल्ली, जयपुर, इंदौर जाने वाली बसों का संचालन उन्होंने रोक दिया। कुछ टूरिस्ट संचालकों ने अपनी बसों को दूसरे मार्ग से भेजा। पीटीओ अरविंद कुमार जैसल ने शहर के शास्त्री चौराहा पर टूरिस्ट बसों के परमिट और यात्रियों की संख्या को लेकर जांच शुरू की। डग्गामारी करते हुए पकड़ी गई एक बस के साथ चार अन्य वाहनों का चालान किया। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट बसों को लेकर लगातार जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी हो यदि बस के कागजातों और परमिट में किसी प्रकार की कमी पाई जाएगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा।
निजी बसों का संचालन अचानक बंद हो जाने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। शाम के समय रोडवेज बस स्टैंड पर यात्री बस के इंतजार में खडे़ रहे। निजी बसों के संचालन में आई कमी के कारण लोग रोडवेज बसों में यात्रा करने को विवश हुए। मुख्य रूप से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही।