ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में दस दिन पूर्व हुई किशोर की हत्या का पुुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन युवकों ने साइकिल और मोबाइल लूटने के बाद किशोर की गला दबाकर हत्या कर दी थी तथा शव को खेत में डाल दिया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। दो फरार हैं।
पुलिस लाइन के सभागार में वारदात का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. राकेश सिंह ने मीडिया को बताया कि 22 मार्च को गांव बहादुरपुर निवासी सियाराम पाल का पुत्र संजीव उर्फ टिंकू (14) साइकिल से बाजार करने के लिए जा रहा था। रास्ते में चिरैया पुत्र विश्राम सिंह, सुनील यादव पुत्र शिवराम यादव निवासी नगला दुली और राजेंद्र पुत्र पंचमलाल निवासी ताखा ने उससे मोबाइल तथा साइकिल लूट ली।
संजीव उन्हें पहचानता था। उसने घर जाकर शिकायत करने की बात कही तो तीनों ने भेद खुलने के भय से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव क ो पास ही एक खेत में डाल दिया। एसएसपी ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए थानाध्यक्ष ऊसराहार जयप्रकाश यादव को लगाया गया था।
छानबीन के बाद तीनों के नाम सामने आए। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि राजेंद्र बंबा की पुलिया के पास मौजूद है। इसी सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उससे जब पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कुबूल कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि जब संदीप ने शिकायत करने की धमकी दी तो तीनों ने उसे पकड़ लिया तथा चिरैया ने उसका गला घोंट दिया। लूटी गई साइकिल तथा मोबाइल चिरैया और सुनील ले गए। राजेंद्र को जेल भेज दिया गया है जबकि शेष दोनों की पुलिस तलाश कर रही है।