जानलेवा हमले का आरोपी बस से कूदकर फरार, पुलिस की तीन टीमें तलाश में जुटीं
फोटो वर्मा फोल्डर में
औरैया से जिला जेल में दाखिल करने के लिए रोडवेज बस से लेकर आ रहे थे दो सिपाही
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। औरैया का जानलेवा हमले का आरोपी गुरुवार देर शाम इटावा में रोडवेज बस से कूदकर फरार हो गया। आरोपी को औरैया पुलिस के दो सिपाही जिला जेल में दाखिल कराने के लिए लेकर आ रहे थे। बस के शास्त्री चौराहा पार कर बड़े डाकघर के पास धीमी होते ही आरोपी खिड़की से कूद गया और रेलवे स्टेशन की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी रहीं।
औरैया के कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विधिचंद्र निवासी नदीम उर्फ बुलेट खान को औरैया पुलिस ने जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार नदीम के खिलाफ कोतवाली औरैया में 30 सितंबर को मामला दर्ज हुआ था। गुरुवार को औरैया पुलिस के दो सिपाही आरोपी को रोडवेज बस से इटावा जिला जेल में दाखिल कराने के लिए ला रहे थे। बस शास्त्री चौराहा पार करने के बाद बड़े डाकघर के पास पहुंची तो धीमी हो गई। इसी दौरान आरोपी बस की खिड़की से अचानक कूद गया। पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। आरोपी सीधे रेलवे स्टेशन की ओर भागा। सिपाहियों ने घटना की जानकारी तत्काल सिविल लाइन पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने स्टेशन के आसपास दुकानों और आरपीएफ पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बड़े डाकघर के सामने एक दुकान के कैमरे में आरोपी रेलवे स्टेशन की ओर भागता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश की जा रही है।
.................
पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे
पुलिस के मुताबिक नदीम के खिलाफ पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ मारपीट, महिला से छेड़छाड़, घर में घुसने और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।