इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के नगला राठौर गांव के सामने एक टैंकर में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सैफई के मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
सैफई से इटावा की ओर जा रहे टैंकर में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पीछे से आ रहा ट्रक घुस गया, जिसमें बिहार प्रांत के गया जिला के सलेमपुर गांव निवासी ट्रक चालक मजहर पुत्र जफर इमाम बुरी तरह घायल हो गया। जबकि टैंकर को लेेकर चालक मौके से भाग गया।
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि टैंकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर रफ्तार धीमी की। कोहरे की वजह से उसके पीछे चल रहा ट्रक चालक संभल नहीं पाया और ट्रक रफ्तार के साथ टैंकर में जा घुसा। टक्कर लगने पर ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने उसे काफी मशक्कत के बाद अचेतावस्था में बाहर निकाला और सैफई मिनी पीजीआई भेजा। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।