इटावा। कोतवाली थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद चौराहा के पास मंगलवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गए। उन्हें जिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट लगाए होने से बाइक चला रहे युवक की जान बच गई।
औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के गांव गोहानी कला निवासी तेज प्रताप (26) पुत्र श्याम सिंह निजी अस्पताल में भर्ती महिला को देखने बाइक से इटावा शहर आ रहा था।
उसके साथ गांव के लोटन सिंह (33) पुत्र नाथूराम और हनुमंत सिंह (33) पुत्र जैसीराम भी थे। नौरंगाबाद चौराहे पर बाइक को किसी वाहन से टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे में तीनों बाइक सवार उछल कर सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक पर बैठे हनुमंत सिंह के सिर में चोट आई। बाइक चला रहे तेज प्रताप और बीच में बैठे लोटन चुटहिल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने हनुमंत सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।