क्रेन की मदद से टेंपो को निकाला गया
- फोटो : ETAWHA
इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर धौलपुरखेड़ा के पास कार व टेंपो की आमने सामने हुई टक्कर में पांच महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को सीएचसी जसवंतनगर में भर्ती कराया गया। एक महिला को सैफई के मिनी पीजीआई रेफर किया गया है।
बुधवार दोपहर करीब 3 बजे आगरा की तरफ से आ रही कार तथा जसवंतनगर की ओर जा रहा टेंपो धौलपुरखेड़ा के सामने भिड़ गए। इस हादसे में कार सवार लोग तो सुरक्षित बच गए, लेकिन टेंपो में मौजूद करीब 18 लोगों में पांच महिलाएं घायल हो गईं। जिन्हें एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया।
इस हादसे में टेंपो सवार उमा देवी (48) पत्नी राधेश्याम, स्नेहलता (28) पत्नी ओमकार, नारायनी देवी (32) पत्नी अरविंद कुमार निवासीगण नौरमई गांव थाना करहल जिला मैनपुरी तथा जसोदा देवी (50) वर्ष पत्नी रन सिंह और मालती देवी (55) पत्नी कृष्णमुरारी निवासी बीबामऊ थाना बलरई जिला इटावा शामिल हैं। घायल उमा देवी के नाक व पैर की हड्डी टूटने से गंभीर हालत को देखते हुए सैफई भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक जसवंतनगर अनिल कुमार ने बताया कि आगरा की ओर जाने वाले हाईवे पर कुछ निर्माण कार्य चल रहा है। इसलिए एक ही मार्ग पर दोनों ओर के वाहन आ जा रहे हैं। इसीलिए यह दुर्घटना हुई है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार यादव ने बताया कि घायल उमा देवी को सैफई मिनी पीजीआई भेजा गया है।