जसवंतनगर। खाना खाने के बाद एक युवक को खून की उल्टी हो गई। जब तक परिजन उसे अस्पताल ले गए, तब तक उसने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव परसौआ निवासी सुमित यादव उर्फ तेजेंद्र (25) खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता था। डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी रोशनी से हुई थी। इसके बाद से युवक कस्बे में बनवाए घर में मां और पत्नी के साथ रह रहा था। रविवार को सुमित मां को लेकर गांव गया था। यहां मां रुक गई, जबकि बेटा खेत पर काम देखने के बाद दोपहर दो बजे करीब कस्बे वाले मकान पर आ गया। यहां खाना खाने के कुछ देर बाद ही उसे खून की उल्टी होने लगी। इस पर पत्नी एंबुलेंस बुलवाकर पति को सीएचसी ले गई। यहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक अब्दुल सलाम सिद्दीकी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ जसवंतनगर अतुल प्रधान बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।