सब्जी-मोबाइल की दुकान में जा घुसा ट्र्रैक्टर
- फोटो : ETAWHA
इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बे के भरथना रोड पर बुधवार शाम पांच बजे चालक की लापरवाही से अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सब्जी-मोबाइल की दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रैक्टर-ट्राली में 40 से ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें युवक घायल हो गया। सब्जी विक्रेता व ट्रैक्टर सवार अन्य लोग बाल-बाल बचे। चीख-पुकार पर पास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर सवारों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रैक्टर को बाहर निकाल कर थाने में खड़ा करा दिया है।
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि ड्राइवर ट्रैक्टर को चालू करके कहीं सामान लेने चला गया। इसी बीच किसी ने गियर डाल दिया। इससे ट्रैक्टर तेज गति में महेश की सब्जी व मोबाइल की संयुक्त दुकान में जा घुसा। ट्रैक्टर में लगभग 40 से 50 सवारियां मौजूद थीं जिसमें एक युवक घायल हो गया। अन्य सवारियां बाल-बाल बचीं। ट्रैक्टर टकराते ही सवारियों ने चीखना-पुकारना शुरू कर दिया तो मौके पर मौजूद लोगों ने सभी को सुरक्षित ट्रैक्टर से बाहर निकाला।
वहीं सब्जी विक्रेता डरकर मकान के भीतर घुस गया। सब्जी लेने आए एक युवक की मोटरसाइकिल इस घटना में क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रैक्टर असदपुर थाना भरथना पाडरी से लौटकर भरथना की ओर जा रहा था।
सूचना पर पहुंचे एसएसआई गंगादास गौतम व कस्बा इंचार्ज विश्वनाथ सिंह ने ट्रैक्टर को बाहर निकाला। थाने में ट्रैक्टर खड़ा करवाया। एसएसआई ने बताया कि दुर्घटना में भरथना कोतवाली क्षेत्र के असदपुर निवासी अलिकेश कुमार पुत्र बड़े घायल हो गया जिसको सीएचसी महेवा भेजा गया। इस दुर्घटना में कस्बा के दिनेश कुमार की भी मोटर साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई है।