इटावा। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बुधवार तड़के चालक को झपकी आ जाने से मक्के के बोरों से लदा ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक व हेल्पर घायल हो गए। मक्का के बोरे सड़क पर फैल गए और स्पीड कैमरा लगा एक पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। एक्सप्रेस वे की एक साइड से करीब घंटा भर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
चौबिया थाना क्षेत्र के नगरिया गांव के पास बुधवार तड़के करीब चार बजे एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक डिवाइडर की रैलिंग तोड़ता हुआ पलट गया। हादसे में राजस्थान प्रांत के नागौर जिला के थाना बैगना क्षेत्र के पोलास गांव निवासी चालक रामदेव व हेल्पर रामकिशोर घायल ट्रक के केबिन में फंस गए। सूचना पर यूपीडा व पीआरवी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दोनों को ट्रक से बाहर निकाला और सीएचसी बसरेहर पहुंचाया। चालक रामदेव ने बताया कि झपकी आ जाने से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया था। पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर फैले मक्का के बोरों को ट्रैक्टर में भरकर हटवाया। कानपुर से आगरा की ओर जाने वाली साइड पर करीब घंटा भर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।