इटावा। बगैर हेलमेट लगाए और तीन सवारियां बाइक सवार किसान के लिए काल साबित हुआ। रविवार सुबह चकरनगर थाना क्षेत्र के बछेड़ी मोड़ पर कार की टक्कर से किसान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सवार जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
चकरनगर थाना क्षेत्र के गौहानी गांव निवासी किसान शिरोमणि सिंह (55) पुत्र छोटे सिंह चौहान और दो सगे भाई कुलदीप व गुड्डू सिंह चौहान पुत्र रणवीर सिंह चौहान रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बाइक से चकरनगर में खरीदारी के लिए जा रहे थे। हेलमेट पहने बगैर कुलदीप बाइक चला रहा था। चकरनगर भरेह मार्ग के बछेड़ी मोड़ पर अचानक एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार को भगा ले गया। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बछेड़ी चौराहे पर ड्यूटी कर रहे उप निरीक्षक गंगादास गौतम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को राजपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। उप निरीक्षक गंगादास गौतम ने बताया कि किसान शिरोमणि सिंह के सिर में चोट आने से परिजन उन्हें ग्वालियर ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस हादसे में गुड्डू सिंह का बांया पैर गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। दोनों भाई जिला अस्पताल में भर्ती हैं।