शहर के 15 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण निपट गई। परीक्षा में पंजीकृत 7098 परीक्षार्थियों में 4290 अनुपस्थित रहे।
परीक्षार्थियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष सतर्कता बरती गई। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले लोकसेवा आयोग की पीसीएस प्री 2015 की परीक्षा जिले के 18 परीक्षा केंद्राें पर हुई थी लेकिन पर्चा लीक होने से इसे रद कर दिया गया था। लोकसेवा आयोग के निर्देशानुसार इसे दुबारा कराया गया।
रविवार को अबकी परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए थे। सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुई परीक्षा साढे़ 11 बजे समाप्त हुई। पंजीकृत परीक्षार्थियों में 2808 ने ही परीक्षा दी। कुल मिलाकर जिले में उपस्थिति प्रतिशत 39.56 रहा।
नोडल अधिकारी जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल की देखरेख में परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से नकल विहीन कराने के लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट व 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्ति किए गए थे। परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी केंद्रों पर जाकर हर गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।