-दिल्ली से बागपत का मिला टिकट, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नगला उदी पहुंची
-ग्रामीणों ने संदिग्ध किशोरी देख पुलिस को दी सूचना, वन स्टॉप सेंटर में रखा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम नगला उदी में यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को एक संदिग्ध किशोरी के घूमने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब किशोरी से पूछताछ की तो उसने खुद को बांग्लादेश का निवासी बताया। फिलहाल किशोरी को शहर के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। पुलिस के साथ खुफिया टीम उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल के रास्ते दाखिल हुई थी। पिछले कुछ समय से पुरानी दिल्ली इलाके में रह रही थी। उसने बताया कि वह वापस अपने घर जाना चाहती है। पुरानी दिल्ली में किसी परिचित ने उसका बागपत के लिए ट्रेन का टिकट कराया था। हालांकि, वह रास्ता भटक गई और बागपत की जगह इटावा स्टेशन पहुंच गई।
किशोरी के पास से दिल्ली से बागपत का रेल टिकट बरामद हुआ है लेकिन वह यहां कैसे पहुंची और दिल्ली में किसके संपर्क में थी इस पर वह सीमित जानकारी ही दे पा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला और एलआईयू टीम उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह मानव तस्करी का मामला है या किशोरी अनजाने में सीमा पार कर यहां आई है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी को फिलहाल महिला पुलिस की सुरक्षा में वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। पुलिस उसके बताए गए तथ्यों और यात्रा संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। मेडिकल परीक्षण के बाद किशोरी को मजिस्ट्रेट कोर्ट में बयान करवाए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।