सैफई स्थित निचली गंग नहर में मंगलवार सुबह युवक के शव सहित कार बरामद हुई। पुलिस आशंका जता रही है कि युवक की हत्या करके कार सहित शव को नहर में फेंका गया है।
मृतक के हाथ पर लिखे नाम और गाड़ी की आरसी से उसकी पहचान नोएडा निवासी गजेंद्र सिंह गुड़ावरिया (45) के रुप में हुई है। पुलिस का कहना कि मृतक मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।
उसके परिजनों से संपर्क किया गया है। परिजनों के आने के बाद घटना के बारे में जानकारी होगी। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह नहर के पास गाड़ी के पुर्जे और जैक गिरा देखकर गोताखोरों को बुलाया गया।
गोताखोरों की मदद से गाड़ी बाहर निकाली गई तो ड्राइविंग सीट पर युवक का शव पड़ा था। गाड़ी में शराब की बोतलें पड़ी थीं।
बरामद कार पर लॉकडाउन का पांच लोगों का पास भी लगा हुआ था। पुलिस का कहना है कि गजेंद्र मूल रूप से राजस्थाना का रहने वाला है। फिलहाल वह परिवार के साथ सेक्टर-29 नोएडा में रहकर किराये पर गाड़िया चलाता था।
आशंका है कि हत्यारों ने उसकी कार बुक की और बहाने से उसे इटावा लेकर आए। पहले से तय योजना के मुताबिक रुकईया पुल के पास हत्या करके इसे हादसे का रूप देने के लिए गाड़ी सहित शव को नहर में डालकर फरार हो गए।
सुबह करीब सात बजे गांव वालों ने नहर में कार पड़ी देखी तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। हवाई पट्टी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार की मौजूदगी में गाड़ी को नहर से बाहर निकलवाया गया तो उसमें एक 45 वर्षीय युवक को मृतक अवस्था में पाया गया।
चौकी इंचार्ज की खबर पर प्रभारी थाना इंचार्ज सैफई गोविंद हरि वर्मा भी पहुंचे घटनास्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल शुरू की तो मृतक के पास कोई मोबाइल व खुद की आईडी नहीं मिली।
घटना से करीब 200 मीटर दूरी पर बसरेहर मार्ग पर नहर के किनारे गाड़ी का कवर और जैक पड़ा मिला था वहां पर भी टायरों के निशान थे जिन्हें देखकर यह अनुमान लगाया गया है कि बदमाशों ने पहले कार को नहर में वहां पर फेंकने का प्रयास किया गया था।
बाद में पुल पर आने के बाद उसे नहर मेें फेंका गया। गाड़ी में खाली देसी शराब के क्वार्टर व एक अंग्रेजी शराब का क्वार्टर आप पानी की बोतल व नमकीन के पैकेट पड़े मिले।
मृतक युवक अपने दोनों पैरों में जूते पहने हुए मिला, गाड़ी में एक अलग से जूता पड़ा मिला। प्रभारी निरीक्षक गोविंद हरि वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।