जसवंतनगर। ग्राम उतरई में बुधवार सुबह फ्रिज में हुए शॉर्ट सर्किट से बुजुर्ग महिला के घर में आग लग गई। इससे गृहस्थी का सामान व रुपये, सोने-चांदी के जेवर, जरूरी कागजात सभी जल गए।
ग्राम उतरई निवासी मीरा देवी बुधवार सुबह करीब सात बजे अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान फ्रिज में लगी आग पूरे घर में फैल गई। मीरा देवी ने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आस-पास के ग्रामीण लाठी-डंडे और बाल्टियां लेकर मौके पर दौड़ पड़े। गांव वालों ने तुरंत बिजली सप्लाई कटवाई और हैंडपंप व सबमर्सिबल से बाल्टियों में पानी भरकर तथा सूखी मिट्टी फेंककर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जब तक आग शांत होती तब तक अधिकांश कीमती सामान जल चुका था।
ग्रामीणों ने बताया कि पीड़िता मीरा देवी बुजुर्ग हैं और हृदय रोग से पीड़ित हैं। उनके दो बेटे बॉबी और राजू रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर वह अकेली ही रहती हैं। मीरा देवी ने रोते हुए बताया कि कमरे में रखे 50 हजार रुपये नकद, सोने का एक पेंडल, चांदी की एक जोड़ी पायल और कई महत्वपूर्ण कागजात रखे थे, जो पूरी तरह जल गए। इसके अलावा फ्रिज, कूलर, पंखा, कपड़े, बिस्तर और राशन समेत गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से पीड़ित महिला को जल्द आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।