सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट लायन सफारी में अभी शेरों के तीन जोड़े मौजूद हैं। अब गुजरात से एक और जोड़ा लाने की तैयारी की जा रही है। लायन सफारी के डायरेक्टर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस दिशा में उच्च स्तर पर प्रयास जारी हैं।
अभी यह नहीं कहा जा सकता कि यह नया जोड़ा कब तक सफारी में पहुंचेगा। लायन सफारी में पहले शेरों के चार जोड़े थे लेकिन विष्णु व लक्ष्मी नाम के शेरों के जोड़े की बीमारी के चलते मौत के बाद यहां शेरों के तीन जोडे़ ही बचे हैं। डायरेक्टर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सफारी में अब तक जो हुआ है, उसे भूल कर अब नए ढंग से व्यवस्था बनाई जाएगी।
सकारात्मक भाव लेकर वह अपने काम में जुटे हैं। उम्मीद है कि इसमें निश्चित सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में शेरों की देखभाल से जुड़े डाक्टरों आदि को भी प्रशिक्षण दिलाया गया है। सफारी में पांच शावकों की मौत किन वजहों से हुई है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
डायरेक्टर संजय श्रीवास्तव का कहना है कि शावकों की मौत के बाद उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बरेली स्थित आईवीआरआई से प्राप्त नहीं हुई है। इतना जरूर है कि शेरनी के छोड़ देने से ही शावकों में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित नहीं हो सकी। इस वजह से ही उनकी मौत हुई होगी।