जसवंतनगर। कस्बा क्षेत्र के होमगंज वार्ड में 1.10 करोड़ रुपये से बना नाला जलभराव की समस्या दूर करने में विफल रहा। सोमवार की भारी बारिश से पूरे वार्ड में घरों, गलियों और सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या सालों से बनी हुई है। मुख्य नाले का निर्माण हुआ, लेकिन उत्तर और दक्षिण दिशा के नालों को हाईवे किनारे बने मुख्य नाले से नहीं जोड़ा गया। इसी कारण बारिश का पानी मोहल्ले में जमा हो जाता है। मनीष, अवनीत, कांता प्रसाद, सुशील कुमार, श्याम सुंदर, महिपाल सिंह, केनपाल, सुबोध कुमार, पवन कुमार, जयपाल सिंह और विजयपाल सहित कई क्षेत्रवासियों ने बताया कि हर साल बरसात में यही स्थिति रहती है। जलभराव से आवागमन प्रभावित होता है और लोगों को काफी परेशानी होती है। नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी श्याम बच्चन सरोज ने बताया कि नई नाली निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार होगा। इसे स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पारित होने पर सभी के सहयोग से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
होमगंज निवासी प्रदीप पांडेय का कहना है कि वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में नाले का निर्माण कराया गया लेकिन इसके बाद भी समस्या का हल नहीं निकल पाया।
होमगंज के विकास पाठक का कहना है कि यहां उत्तर तथा दक्षिण की ओर सड़क से ऊंचे बने नालों का ढाल सही नहीं होगा तब तक इस समस्या का निदान नहीं हो सकता। उन्होंने मांग की इन नालों को जल्द ठीक कराया जाए।