किशनी मार्ग पर कदमपुर के पास तेजी से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक पर सवार युवक की मौत हो गई तथा बाइक पर बैठी बुआ घायल हो गईं। उधर सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रसूलाबाद कानपुर देहात निवासी शिवेंद्र सिंह (25) की आठ मई को शादी होनी थी। वह अपनी बुआ कुंती देवी को लेने के लिए कृपालपुरा थाना किशनी गया था। शनिवार की दोपहर को वह बाइक से बुआ को लेकर लौट रहा था।
जैसे ही वह ऊसराहार थाना क्षेत्र के कदमपुर गांव के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बुआ-भतीजे घायल हो गए।
शिवेंद्र को इलाज के लिए सैफई ले जाया गया, यहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक असंतुलित होकर खड्ड में जा गिरा। चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। घायल कुंती देवी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसईनावर में उपचार कराया गया।
उधर भरथना क्षेत्र में एक ट्रेन से गिरकर घायल तो दूसरा ट्रैक्टर पलटने से घायल हो गया। ग्राम चुन्नी की मढैया पालीखुर्द निवासी (ड्राइवर) कैलाश चन्द्र ट्रैक्टर लेकर देर शाम अपने गांव जा रहा था।
ग्राम खंता और पाली वाले मार्ग पर ट्रैक्टर पलट गया। दूसरी तरफ कानपुर की ओर जा रही डाउन महान्दा एक्सप्रेस से एक 30 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ट्रेन से पैर फिसलने के दौरान भरथना रेलवे स्टेशन की लंगूर की मठिया के पास गिर पड़ा जिससे ह गम्भीर रूप से घायल हो गया।
यात्रियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। उधर भरथना रोड़ पर चितभवन के पास हुई जहां मारुति की चपेट में आने से स्कूटर सवार धर्मवीर व श्यामवीर निवासी कुनेरा घायल हो गए ।
एक अन्य घटना मे इटावा बाईपास पर हुई जहां जीप से गिरकर छुटंके पुत्रराम बाबू निवासी मानीमऊ जनपद कन्नौज घायल हो गया। उधर हाइवे पर परसू पुरा के पास हुई जहां ट्रक की टक्कर लगने से राजेश निवासी हुमाँयूपुर घायल हो गया। इसके अलावा ट्रैक्टर की चपेट में आने से राजवीर निवासी बलोय थाना लवेदी घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।