इटावा। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सख्ती के बावजूद नारायन कॉलेज में एक अभ्यर्थी पर्ची लेकर दाखिल हो गया। करीब 40 मिनट बाद स्टाफ ने नकल करते देखा और केंद्र व्यवस्थापक को सूचना दी। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रविवार को जिले के 30 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इस बीच सुबह करीब 10:40 पर कंट्रोल रूम को आलमपुरा हौज स्थित नारायन कॉलेज में एक नकलची को पकड़े जाने की सूचना मिली। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कॉलेज पहुंच गए। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पंकज कुमार निवासी ग्राम बगुलिया पोस्ट अबगीला जनपद जहानाबाद बिहार बताया। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आरोपी ने अंडर गार्मेंट में पर्ची छिपाई थी। आरोपी के पर्ची निकालते ही ड्यूटी पर तैनात शिक्षक ने उसे पकड़ लिया और सूचना दी। तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नकल करते हुए एक नकलची को पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेज दिया गया है।