लवेदी। क्षेत्र की ग्राम पंचायत विधिपुर में सफाई व्यवस्था की बदतर हालत है। यहां सफाई के नाम पर चार साल में छह लाख का बजट खर्च हो चुका है लेकिन गलियों की हालत बहुत खराब है। घरों से निकला गंदा पानी गलियों में बहता रहता है। इसमें बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग फिसलकर गिरकर चुटहिल हो चुके है। वहीं, जिम्मेदार अधिकारी व कर्मी इससे अनजान बने हुए हैं।
ग्राम पंचायत विधिपुर निवासी संजय कुमार, प्रीतम सिंह व नरेश चंद्र ने बताया कि गलियों में गंदगी इतनी है कि घर पहुंचने के लिए पत्थर रखकर राह बनानी पड़ती है। उन्होंने कई बार ऑनलाइन पोर्टल व तहसील दिवस पर शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव के अजय दुबे, अशोक कुमार व नरेश पांडे ने कहा कि यह गली 15 साल पुरानी है लेकिन सात-आठ साल से सफाई के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति हो रही है। सफाई कर्मी कभी गांव के अंदर नहीं आता है। ईकरी के शिवम ने पोर्टल के विवरण से पता चला कि कि 2022-23 में नाला सफाई पर 39,500, पंचायत सफाई पर 97 हजार, एंटी लार्वा छिड़काव पर 55 हजार व फॉगिंग पर 62 हजार रुपये खर्च दिखाए गए।
इसी तरह 2023-24 में सफाई पर 64,500, कूड़ा गाड़ी पर 25,000 व फॉगिंग पर 68,000 का भुगतान हुआ। 2025-26 में एंटी लार्वा पर 45 हजार, साफ-सफाई पर 56 हजार व नाला सफाई पर 19 हजार रुपए आदि निकाले गए। इस तरह कुल 5,95,000 रुपये का बजट खर्च किया गया। बीडीओ बृज बिहारी त्रिपाठी ने कहा कि सफाई खर्च की जांच होगी। साथ ही जहां सफाई नहीं हुई वहां तुरंत कराई जाएगी।