इटावा। जिले में गरीब बालिकाओं की शिक्षा के साथ कुठाराघात किया जा रहा है। केंद्र सरकार की योजना के तहत जिले में गरीब बालिकाओं के लिए दो कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। नवीन शैक्षिक सत्र शुरू हो चुका है। जनपद में सभी विद्यालय खुल गए है परंतु इन आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं की चहलकदमी नदारद है।
जनपद में एक नगरीय क्षेत्र में और एक ताखा ब्लाक के ऊसराहार में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में गरीब परिवारों की बालिकाओं को वहीं पर रखकर शिक्षा दी जाती है। यहां कक्षा 6 से 8 तक कक्षाएं लगती हैं। मई माह में ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते छात्राएं अपने घर चली गईं थीं। अब स्कूलों को खुले हुए बीस दिन से ऊपर हो गए लेकिन यहां सन्नाटा छाया हुआ है। सिर्फ कार्यालय व वार्डन कक्ष खुला रहता है जिसमें संविदा कर्मचारी कार्य में व्यस्त दिखते हैं। वह बताते हैं कि अभी प्रवेश चल रहे हैं शीघ्र ही बालिकाओं को बुलाकर पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
तो यह है हकीकत
ऐसा नहीं है कि मई में ग्रीष्म अवकाश घोषित होने के बाद घर गईं बालिकाएं शैक्षिक सत्र शुरू होने पर वापस नहीं आई। यह बालिकाएं अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंची लेकिन व्यवस्थाएं पूर्ण न होने के कारण उनको अभिभावकों के साथ यह कहकर वापस कर दिया कि कुछ दिन बाद उनको सूचना देकर बुलवा लिया जाएगा।
भोजन व्यवस्था का नहीं हो सका टेंडर
आवासीय विद्यालय होने के नाते छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था विद्यालय स्तर से की जाती है। इसके लिए एक शैक्षिक सत्र के लिए टेंडर डाला जाता है। सत्र समाप्त होने के बाद टेंडर भी समाप्त हो जाता है। जून माह के अंत तक नए टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका। विद्यालय में बालिकाओं के न होने का एक कारण यह भी है, क्योंकि बालिकाओं को रोकते तो उनके भोजन की व्यवस्था कैसे होती।
संविदा स्टाफ का नवीनीकरण नहीं
इन विद्यालयों में संविदा पर स्टाफ रखा जाता है। हर वर्ष इस स्टाफ का नवीनीकरण किया जाता है। इस वर्ष अभी तक स्टाफ का नवीनीकरण नहीं किया जा गया। हालांकि स्टाफ के लोग इसी उम्मीद से विद्यालय में निरंतर आ रहे हैं कि उनका नवीनीकरण कर ही दिया जाएगा। अभी उनका काम सिर्फ विद्यालय आकर प्रवेश कार्य करना ही रह गया है।
अफसर बोले--
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अभी भोजन के लिए टेंडर नहीं हो सके है। इसी कारण से बालिकाओं को रोका गया। स्टाफ के नवीनीकरण संबंधी कोई समस्या नहीं है। टेंडर प्रक्रिया एक सप्ताह में पूर्ण कर ली जाएगी और विद्यालय विधिवत संचालित होने लगेगा-संजय चक्रवर्ती, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा
दोनों विद्यालयों में अभी प्रवेश संबंधी प्रक्रिया चल रही है। विद्यालय खुल भी रहे हैं। बालिकाएं नहीं है यह उनके संज्ञान में नहीं आया है। जानकारी करके उचित कार्यवाही की जाएगी- एसपी यादव बीएसए इटावा