इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र में टेंपो का पहिया निकल जाने से उसमें सवार अधेड़ छिटककर बुडैला पुल से नीचे जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आवंतीनगर निवासी मातादीन (60) सोमवार को वैदपुरा थाना क्षेत्र के गांव नगला झील में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार को सुबह वह टेंपो द्वारा वापस लौट रहे थे। बुडैला पुल के पास टेंपो का एक पहिया निकल गया। इससे बेकाबू हुआ टेंपो पुल की रेलिंग से जा भिड़ा। अचानक झटके से अंदर बैठे मातादीन खुद को संभाल नहीं सके और पुल के नीचे जा गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। शव से मिले पते पर घरवालों को सूचना दी गई। थोड़ी देर में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस हादसे में टेंपो में बैठी अन्य सवारियां बाल-बाल बच गईं।
उधर, रमा थाना सुरपुरा जिला भिंड मध्यप्रदेश निवासी संदीप (21) पुत्र सुरेश सिंह बाइक से इटावा आ रहा था। कालीवाहन मंदिर के पास टैक्सी की टक्कर लगने से घायल हो गया। देर शाम जिला अस्पताल से रिफर किए जाने के बाद परिजन उसे मिनी पीजीआई ले गए। जहां उसकी मौत हो गई।
एक और घायल ने दम तोड़
ट्रैक्टर पलटने से मरने वालों की संख्या हुई दो
जसवंतनगर। सोमवार की देर रात जसवंतनगर थाना अंतर्गत नगला विशुन के पास बारातियों से लदा ट्रैक्टर पलटने से घायल एक और व्यक्ति ने मिनी पीजीआई सैफई में मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। गंभीर रूप से घायल रामदीन (45) पुत्र बाबूराम राजपूत निवासी नगला उदी थाना बसई मोहम्मदपुर जिला फिरोजाबाद को मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया था। वह नगला विशुन निवासी रिश्तेदार मुन्ना लाल के बेटे की बारात में गए थे। वापस लौटते समय ट्रैक्टर पलटने से घायल हो गए थे। मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।