इटावा। बढ़पुरा थाना पुलिस ने शनिवार को मदायन पिपरोना तिराहे के पास लूट की योजना बनाते दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके दो साथी भाग निकले।
थानाध्यक्ष बढ़पुरा कमलेश कुमार यादव फोर्स के साथ अपराधियोें की तलाश में थे तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि मदायन पिपरोना तिराहा के पास कुछ बदमाश लूट की वारदात की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम सुभाष उर्फ महेंद्र राजपूत पुत्र तेज सिंह निवासी बढ़पुरा तथा होम सिंह पुत्र हरीराम राजपूत निवासी पोखरा थाना बढ़पुरा बताया। उन्होंने भागे साथियों के नाम जय सिंह पुत्र सूरज पाल निवासी बीधूपुरा तथा ऊदल पुत्र ठाकुरदास निवासी बढ़पुरा बताए। तलाशी में उनके पास से एक रायफल, तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव ने बताया पकड़े गए दोनों युवक शातिर अपराधी हैं। सुभाष के खिलाफ गैंगस्टर, हत्या के तीन मामले तथा होम सिंह के खिलाफ पांच मामले बढ़पुरा थाने में दर्ज हैं। भागे हुए भी अपराधी प्रवृत्ति के हैं। जय सिंह और ऊदल सिंह के खिलाफ चार-चार मामले बढ़पुरा थाने में दर्ज हैं।