जसवंतनगर (इटावा)। कस्बे के मोहल्ला गुलाबबाड़ी की बगिया में स्थित एक मकान को रविवार की रात चोरों ने अपना निशाना बनाया। छत के रास्ते से मकान में घुसे चोर लाखों रुपये की संपत्ति के साथ ही दोनाली बंदूक चुरा ले गए।
गुलाबबाड़ी में रामस्वरूप प्रजापति का मकान है। वह अपने तीन भाइयों के साथ मकान में रहते हैं। रविवार की रात परिवार घर पर सो रहा था। रात किसी समय चोर छत के रास्ते मकान में घुस आए। सुबह जब परिवारीजनों की आंख खुली तो उन्होंने कमरों में सामान बिखरा पड़ा देखा। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद फील्ड यूनिट ने फिंगर प्रिंट व अन्य सुराग जुटाए। सीओ अनिल कुमार ने भी मौका मुआयना किया, कहा कि घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। रामस्वरूप ने बताया कि चोर उनके यहां से दो लाख रुपये नगद, सोेने की दो जंजीर, दो अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, सोने की एक हाय, 1 जोड़ी बाली, चांदी की करधनी, एक जोड़ी पायल सहित एक लाइसेंसी दोनाली बंदूक चुरा ले गए। उसके भाई राजकुमार के कमरे से चोर 1100 रुपये तथा सोने का एक मंगलसूत्र चुरा ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चोरी की बढ़ती वारदातों से पब्लिक में भय है।